डेस्क न्यूज
20 December, 2025
अन्य
नीमच । नगर समस्या सुझाव ग्रुप (एनएसएसजी) द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी शीतलहर को देखते हुए निर्धन, असहाय व जरूरतमंद लोगों के लिए निःस्वार्थ सेवा भाव से गर्म वस्त्र एवं कंबल वितरण अभियान प्रारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ पंचमुखी गणेश मंदिर से एडीएम बोन्द्रसिंह कलेश, डिप्टी कलेक्टर चन्द्रशेखर धार्वे एवं यातायात प्रभारी सोनू बड़गुर्जर के हाथों जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र वितरित कर किया गया।
ग्रुप एडमिन विवेक खण्डेलवाल ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में उच्च गुणवत्ता वाले ब्रांडेड स्वेटर, कार्डिगन, जर्सी, टोपे, मौजे आदि का वितरण चौकन्ना बालाजी मंदिर के पीछे किया गया। इसके बाद हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 में आदिवासी भाई-बहनों के बीच गर्म वस्त्र वितरित किए जाएंगे। द्वितीय चरण में चयनित जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबल प्रदान किए जाएंगे, जबकि तृतीय चरण में आवश्यकता अनुसार पुनः गर्म वस्त्र व कंबल वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर एडीएम बोन्द्रसिंह कलेश ने कहा कि नगर समस्या सुझाव ग्रुप सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र वितरित कर मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
डिप्टी कलेक्टर चन्द्रशेखर धार्वे ने कहा कि एनएसएसजी एक ओर नगर की ज्वलंत समस्याओं को मंच के माध्यम से उठाकर समाधान की दिशा में कार्य करता है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जो सराहनीय है।
यातायात प्रभारी सोनू बड़गुर्जर ने कहा कि नगर समस्या सुझाव जैसे व्हाट्सएप ग्रुप बहुत कम देखने को मिलते हैं, जो हर क्षेत्र में इतनी सक्रियता से सेवा कार्य करते हों। उन्होंने ग्रुप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रुप की वरिष्ठ महिला सदस्य आशा सांभर ने पिछले चार वर्षों से एनएसएसजी द्वारा किए जा रहे मानवता के कार्यों की जानकारी दी। अंत में आयोजन की मुख्य सहयोगी परिवार की तृप्ति मनोज दुआ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रोफेसर बीना चौधरी, रानी राणा, वीणा खण्डेलवाल, ज्योति प्रवीण मित्तल, मनोज दुआ, कन्हैयालाल शर्मा, वरुण खण्डेलवाल, प्रकाश गोयल, संजय श्रीवास्तव, विजय समदानी, मनोज जैन, घनश्याम सेठिया, जितेन्द्र अहीर, रंजन स्वामी सहित अनेक सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।