ताजासमाचार

नीमच में जैविक हाट बाजार बना लोगों की पहली पसंद, किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को मिल रहा सीधा लाभ

डेस्क न्यूज 20 December, 2025 अन्य

नीमच। नीमच जिले में जिला प्रशासन की एक सराहनीय एवं जनहितकारी पहल के तहत प्रत्येक शनिवार को दशहरा मैदान पर जैविक हाट बाजार का नियमित आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जैविक खेती को बढ़ावा देना, जैविक उत्पादक किसानों को सीधा विपणन मंच उपलब्ध कराना तथा जिले के नागरिकों को शुद्ध, स्वास्थ्यवर्धक और प्रमाणिक जैविक उत्पाद सुलभ कराना है।
जैविक हाट बाजार की शुरुआत के बाद से इसमें जिले के नागरिकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। आमजन अब स्वास्थ्य के प्रति अधिक जागरूक हो रहे हैं और रासायनिक मुक्त जैविक फल, सब्जियों एवं दैनिक उपयोग के उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं। उचित मूल्य पर उपलब्ध शुद्ध जैविक उत्पादों ने उपभोक्ताओं के विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।
इस जैविक हाट बाजार से जैविक उत्पादक किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए एक स्थायी और भरोसेमंद बाजार उपलब्ध हो रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो रही है। प्रत्यक्ष उपभोक्ता संपर्क के कारण किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे उनकी आय में भी सकारात्मक वृद्धि देखने को मिल रही है।
दशहरा मैदान स्थित जैविक हाट बाजार में विश्वकर्मा कृषि फार्म, भाटखेड़ी के प्रगतिशील किसान कमलाशंकर विश्वकर्मा द्वारा तैयार किए गए बांस से बने जैविक टूथब्रश उपभोक्ताओं के आकर्षण का विशेष केंद्र बने हुए हैं। यह नवाचार न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देता है, बल्कि स्वदेशी और टिकाऊ उत्पादों के उपयोग का भी सशक्त संदेश देता है।
जैविक हाट बाजार में जैविक फल और सब्जियों के प्रति उपभोक्ताओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है। एक ही स्थान पर विविध जैविक उत्पाद उपलब्ध होने से किसान और उपभोक्ता—दोनों ही वर्ग संतुष्ट और उत्साहित नजर आ रहे हैं।
कुल मिलाकर जिला प्रशासन की यह पहल नीमच जिले में स्वस्थ जीवनशैली, कृषि नवाचार और स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण, सकारात्मक और प्रेरणादायक कदम साबित हो रही है।

Related Post