मनीष नायक
19 December, 2025
अन्य
नीमच। कांग्रेस पार्टी में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद नीमच जिला इकाई में जबरदस्त असंतोष देखने को मिल रहा है। पार्टी को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से की गई नियुक्तियां अब अंदरूनी कलह का कारण बन गई हैं। हालात इतने बिगड़ गए कि गांधी भवन में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई और कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आ गया।
सूत्रों के अनुसार 16 दिसंबर को प्रदेश स्तर पर 780 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की गई थी। इसी सूची के तहत नीमच में भी कुछ पदाधिकारियों को हटाकर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी गई। बताया जा रहा है कि यह पूरा फेरबदल जिला कांग्रेस अध्यक्ष की अनुशंसा पर किया गया, जिससे हटाए गए पदाधिकारी भड़क उठे। 18 दिसंबर को जब जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती गांधी भवन पहुंचे, तो पहले से नाराज कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान तीखी बहस, तू-तू मैं-मैं और गाली-गलौच तक की नौबत आ गई, हालांकि मामला हाथापाई तक नहीं पहुंचा।
कार्यकर्ताओं में रोष का एक बड़ा कारण यह भी बताया जा रहा है कि नियुक्तियों में गुटबाजी हावी रही। आरोप है कि अपने-अपने गुटों के लोगों को पदों से नवाजा गया, जबकि लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे कई कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज कर दिया गया। इससे पार्टी के भीतर असमानता और पक्षपात के आरोप और गहरे हो गए हैं।
इसके अलावा ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में सामाजिक संतुलन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस का परंपरागत और मजबूत आधार माने जाने वाले मुस्लिम समुदाय को इस सूची में एक भी प्रतिनिधित्व नहीं दिए जाने से भारी नाराजगी है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिले में करीब 95 प्रतिशत कांग्रेसी वोटर मुस्लिम समाज से जुड़े हैं, इसके बावजूद उन्हें पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया। वहीं दलित वर्ग को भी अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से असंतोष बढ़ गया है।
जावद के वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद फजल नबी ने इस मुद्दे पर खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष द्वारा एक मुस्लिम चेहरे को जिम्मेदारी देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन सूची में किसी भी मुस्लिम कार्यकर्ता को स्थान नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस को अपने ही समर्थक वर्गों को जिम्मेदारी देने में संकोच क्यों हो रहा है। फजल नबी ने बताया कि इस पूरे मामले की शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाई जा चुकी है।
ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों के बाद नीमच कांग्रेस में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से उठाया गया कदम फिलहाल पार्टी के लिए चुनौती बनता नजर आ रहा है। कार्यकर्ताओं के बीच गुटबाजी और असंतोष इस कदर हावी है कि कुछ लोग इसे संगठन नहीं बल्कि सीमित लोगों द्वारा संचालित व्यवस्था करार देने लगे हैं।
हालांकि पूरे मामले पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस सभी वर्गों और समाजों को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने दावा किया कि गांधी भवन में किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ और कुछ लोग बेवजह माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन वर्गों को ब्लॉक अध्यक्ष पद पर अवसर नहीं मिल पाया है, उन्हें अन्य संगठनात्मक पदों पर प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।