ताजासमाचार

हर्ष अभियान में नीमच पुलिस का बड़ा प्रहार: सायबर सेल ने 26 लाख से अधिक के 160 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए

डेस्क न्यूज 19 December, 2025 अन्य

नीमच। पुलिस द्वारा गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे हर्ष अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सायबर सेल नीमच ने 26 लाख 21 हजार 500 रुपए मूल्य के कुल 160 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके वास्तविक धारकों को सौंपे हैं।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय नीमच में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से प्राप्त गुम मोबाइल संबंधी शिकायतों पर सायबर सेल एवं संबंधित थानों द्वारा केन्द्रीय संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित CEIR पोर्टल के माध्यम से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में हाल ही में 160 मोबाइल फोन रिकवर किए गए, जिनकी कीमत 8 हजार रुपए से लेकर 65 हजार रुपए तक है। खास बात यह रही कि ये मोबाइल केवल नीमच जिले से ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और उत्तरप्रदेश जैसे राज्यों से भी बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने सभी बरामद मोबाइल फोन विधिवत रूप से उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। इस दौरान मोबाइल पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 1 जनवरी 2025 से 19 दिसंबर 2025 तक सायबर सेल नीमच द्वारा अब तक कुल 360 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 71 लाख रुपए है। उन्होंने सायबर सेल एवं जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि CEIR पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक गुम मोबाइलों को खोजकर उनके मालिकों तक पहुंचाया जा सके।

इस सराहनीय सफलता में सायबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे के साथ ही प्रधान आरक्षक आदित्य गौड़, आरक्षक लखन प्रताप सिंह, आरक्षक कुलदीप सिंह, आरक्षक विश्वेंद्र सिंह एवं आरक्षक हितेश खटीक का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

नीमच पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाजारों, सार्वजनिक स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। यदि किसी कारणवश मोबाइल गुम हो जाए, तो तत्काल CEIR पोर्टल, नजदीकी पुलिस थाने अथवा सायबर सेल नीमच में शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते मोबाइल को बरामद कर लौटाया जा सके।

Related Post