ताजासमाचार

ट्रेनों की क्रॉसिंग के दौरान गाय  चपेट में आई, गौसेवकों की तत्परता से बची बेजुबान की जान

डेस्क न्यूज 19 December, 2025 अन्य

नीमच। गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे शिवघाट के आगे रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जब दो ट्रेनों की एक साथ क्रॉसिंग के दौरान पटरी के बीच घूम रही एक गाय ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाय का एक सींग, जबड़ा और एक पैर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गौसेवक मितेश अहीर मौके पर पहुंचे और घायल गाय को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाय रेलवे की दो पटरियों के बीच घूम रही थी। इसी दौरान एक ट्रेन रतलाम की ओर से और दूसरी नीमच स्टेशन की दिशा से एक साथ आई। तेज आवाज से घबराई गाय भागने लगी और इसी अफरा-तफरी में रतलाम की ओर से आ रही ट्रेन से टकरा गई, जिससे वह पुलिया के नीचे जा गिरी।

घटना के बाद गौसेवकों द्वारा गाय को पुलिया के नीचे से निकालकर साइड में बैठाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण आवारा कुत्ते उसे परेशान करने लगे। हालात की गंभीरता को देखते हुए शाम करीब 6 बजे जयसिंहपुरा के ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब 50 फीट की दूरी से गाय को सुरक्षित बाहर निकालने में लगभग दो घंटे का समय लगा।

करीब बीस युवकों और एक ट्रैक्टर की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद घायल गाय को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार शाला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस मानवीय सेवा कार्य में पार्थ जोशी, चिन्मय प्रजापति, गौलू बैरागी, दीपक धाकड़, विशाल बैरागी, युवराज माली, अर्जुन, लक्ष्मी नारायण ठाकुर सहित जयसिंहपुरा के ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।

Related Post