ताजासमाचार

गांधी सागर चीता प्रोजेक्ट क्षेत्र में ट्रैक्टर हादसा, 19 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने की दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग 

डेस्क न्यूज 17 December, 2025 अन्य

रामपुरा। रामपुरा के समीप मंदसौर जिले के गांधी सागर अभ्यारण्य स्थित चीता प्रोजेक्ट क्षेत्र में मंगलवार को हुए ट्रैक्टर हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रकाश पिता नानालाल भील (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम चंद्रपुरा, तहसील रामपुरा, जिला नीमच के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रकाश किसी कार्य से ट्रैक्टर में सवार था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार ट्रैक्टर ग्राम रावलीकुड़ी निवासी प्रहलाद गुर्जर का बताया जा रहा है, वहीं ट्रैक्टर चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रामपुरा भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
इधर घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने रामपुरा अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। 

Related Post