ताजासमाचार

नीमच में 25 दिसंबर को एक्य एकेडमी की भव्य मैराथन, फिटनेस और एकता का संदेश

डेस्क न्यूज 16 December, 2025 अन्य

नीमच। युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से एक्य एकेडमी द्वारा नीमच में एक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। एक्य एकेडमी लंबे समय से युवाओं को नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों से जोड़ते हुए रक्षा सेवाओं में अधिकारी बनने के लिए मार्गदर्शन प्रदान कर रही है।
यह मैराथन 25 दिसंबर को सुबह 7:30 बजे प्रारंभ होगी। दौड़ की शुरुआत फोर ज़ीरो (भारत माता चौराहा) से होकर 6 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। आयोजन को तीन आयु वर्गों में विभाजित किया गया है, जिसमें चाइल्ड कैटेगरी 5 से 12 वर्ष, जूनियर कैटेगरी 12 वर्ष 1 दिन से 18 वर्ष तक तथा सीनियर कैटेगरी 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए रखी गई है।
आयोजकों के अनुसार 20 दिसंबर तक पहले 100 रजिस्ट्रेशन कराने वाले प्रतिभागियों को टी-शर्ट प्रदान की जाएगी। साथ ही प्रत्येक वर्ग के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस मैराथन का खास आकर्षण यह रहेगा कि टॉप 3 खिलाड़ियों को मॉडर्न पेंटाथलॉन एवं ट्रायथलॉन जैसे ओलंपिक खेलों के लिए स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब के एनआईएस कोचेस द्वारा एक माह की निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि एक्य एकेडमी से जुड़े कई खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नीमच सहित देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
मैराथन में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क मात्र 50 रुपये रखा गया है। प्रतिभागी ऑनलाइन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, वहीं स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। आयोजकों ने नीमचवासियों से इस फिटनेस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

Related Post