ताजासमाचार

नाथ योगी समाज के लिए श्मशान–समाधि स्थल की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज 16 December, 2025 अन्य

नीमच। जीरन सहित जिले की शासकीय भूमि में नाथ योगी समाज के लिए श्मशान-समाधि स्थल आरक्षित किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को गुरु गोरक्षनाथ इंटरनेशनल फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम जीरन में नाथ योगी समाज के लगभग 30 से 40 परिवार निवासरत हैं, लेकिन अब तक समाज के लिए न तो श्मशान घाट उपलब्ध है और न ही कोई स्थायी समाधि स्थल। नाथ योगी समाज की परंपरा के अनुसार मृत्यु के बाद दाह संस्कार नहीं बल्कि समाधि दी जाती है। श्मशान या समाधि स्थल के अभाव में मजबूरीवश मृतकों को कभी खेतों में, कभी कुओं के पास अथवा घर के आसपास समाधि देनी पड़ती है, जिससे सामाजिक, धार्मिक एवं प्रशासनिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं।
समाज ने यह भी उल्लेख किया कि पास के ग्राम बर्डिया जागीर सहित आसपास के क्षेत्रों में भी नाथ योगी समाज के लिए कोई निर्धारित भूमि उपलब्ध नहीं है। इस स्थिति को देखते हुए समाज ने ग्राम जीरन की शासकीय भूमि सर्वे नंबर 799/3/2 में से 02 बीघा भूमि नाथ योगी समाज के श्मशान-समाधि स्थल के लिए आरक्षित किए जाने की मांग की है। साथ ही संबंधित पटवारी को भूमि का अवलोकन कर आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश देने का आग्रह किया गया है।
नाथ योगी समाज ने प्रशासन को अवगत कराया कि यदि समय रहते भूमि आवंटन की कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में समाज के किसी भी व्यक्ति की मृत्यु होने पर शव को कलेक्टर कार्यालय लाने के लिए समाज मजबूर होगा।

Related Post