डेस्क न्यूज
16 December, 2025
अन्य
जीरन। नगर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक दिलीपसिंह परिहार एवं मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से खिलाड़ियों की विशाल रैली को हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली नगर भ्रमण करते हुए शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंची, जहां सभी खेल प्रतियोगिताएं संपन्न हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीपसिंह परिहार ने कहा कि खिलाड़ी खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें और खेल के माध्यम से अपने जीवन में आगे बढ़ें। उन्होंने खिलाड़ियों के हित में चलाई जा रही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी। मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और ऐसे आयोजनों से नई खेल प्रतिभाएं सामने आती हैं।
इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में विधायक दिलीपसिंह परिहार, मंडल अध्यक्ष मदन गुर्जर, नगर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे, महामंत्री किशन अहिरवार, दिलीपसिंह चौहान, नगर भाजपा अध्यक्ष राजू मुकाती, कार्यक्रम प्रभारी दिलीप सुथार तथा प्राचार्य बी. एस. चौहान एवं रघुवीर आमेटा शामिल रहे।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खो-खो, कबड्डी, सितौलिया एवं रस्साकसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जीरन संकुल के अंतर्गत 13 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में खो-खो बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में पाटीदार हाई स्कूल जीरन की टीम विजेता रही। कबड्डी में बालक वर्ग में सांदीपनी विद्यालय जीरन तथा बालिका वर्ग में शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुचडोद विजेता रहा। रस्साकसी प्रतियोगिता में बालक वर्ग में ज्ञानसरोवर विद्यालय जीरन और बालिका वर्ग में शासकीय हाई स्कूल चलदू की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रतापसिंह पंवार, विनोद कुमार पुनी, वेंकटेश्वर जाट, कन्हैयादास अग्रावत, मुकेश जैन, आशुतोष सिंह चुंडावत, दीपक पाटीदार, आशीष सोनी, नरेंद्र शर्मा, हेमंत पाटीदार, धारासिंह, राजकुमार भट्ट एवं सत्येंद्रसिंह चौहान का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन खेल महोत्सव प्रभारी दिलीप सुथार ने किया, स्वागत भाषण प्राचार्य बी. एस. चौहान ने दिया तथा आभार नगर भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र मुकाती ने व्यक्त किया।