डेस्क न्यूज
16 December, 2025
अन्य
नीमच। भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा लाड़ली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर दिए गए कथित धमकी भरे बयान के विरोध में जिला महिला कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। मंगलवार को जिला महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर प्रतिनिधि के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मंत्री के बयान पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि हाल ही में रतलाम जिले में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दौरान मंत्री विजय शाह ने कथित तौर पर कहा था कि जो लाड़ली बहनें मुख्यमंत्री मोहन यादव का सम्मान करने नहीं आएंगी, उनकी जांच पेंडिंग कर दी जाएगी तथा उनकी सहायता राशि में वृद्धि नहीं की जाएगी। महिला कांग्रेस ने इस बयान को महिलाओं के सम्मान के खिलाफ बताते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन करार दिया है।
महिला कांग्रेस नेताओं का कहना है कि लाड़ली बहना योजना पात्र महिलाओं का अधिकार है, जिसे किसी राजनीतिक व्यक्ति के सम्मान या उपस्थिति से जोड़ना पूरी तरह अनुचित है। इस तरह की टिप्पणियां महिलाओं पर दबाव बनाने का प्रयास हैं, जो स्वीकार्य नहीं है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मंत्री विजय शाह पूर्व में भी कई बार अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कर्नल सोफिया को लेकर दिए गए बयानों का उल्लेख करते हुए महिला कांग्रेस ने उनके आचरण पर सवाल उठाए हैं।
जिला महिला कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की है कि मंत्री विजय शाह के बयान को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि लाड़ली बहना योजना का लाभ बिना किसी राजनीतिक दबाव या शर्त के सभी पात्र महिलाओं को मिलता रहे।