ताजासमाचार

जावद जेल के समीप तेज रफ्तार बाइक ने पैदल किसान को मारी टक्कर, 55 वर्षीय भेरूलाल की मौत

डेस्क न्यूज 16 December, 2025 अन्य

नीमच। जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुवाखेड़ा निवासी 55 वर्षीय किसान की मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा जावद जेल के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही बाइक ने पैदल जा रहे किसान को पीछे से टक्कर मार दी। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक भेरूलाल पिता दयाराम मेघवाल, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम सुवाखेड़ा, रोज की तरह मंगलवार सुबह पैदल अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भेरूलाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर जावद थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मृतक के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण बाइक चालक की लापरवाही बताया जा रहा है।

Related Post