न्यूज डेस्क
15 December, 2025
राजनीति
नीमच। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नीमच इकाई ने विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन के कुलपति को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में बीसीए (बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) पाठ्यक्रम शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की है।
एबीवीपी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की शिक्षा छात्रों के लिए अनिवार्य हो गई है, लेकिन कई महाविद्यालयों में अभी भी ऐसे व्यावसायिक पाठ्यक्रम उपलब्ध नहीं हैं। ज्ञापन में बताया गया कि बीसीए पाठ्यक्रम के लिए छात्रों में भारी मांग है, लेकिन स्थानीय स्तर पर सुविधा न होने के कारण विद्यार्थियों को उज्जैन, इंदौर जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे छात्रों और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ और समय की बर्बादी बढ़ती है, विशेष रूप से ग्रामीण एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह स्थिति चुनौतीपूर्ण बन जाती है।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि यदि स्थानीय महाविद्यालयों में बीसीए पाठ्यक्रम प्रारंभ किया जाता है, तो छात्रों को तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और बेहतर रोजगार विकल्प हासिल कर सकेंगे। इसके साथ ही, इससे क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते बीसीए पाठ्यक्रम शुरू नहीं किया गया, तो छात्रों के हित में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।