न्यूज डेस्क
14 December, 2025
अपराध
नीमच | केंट थाना क्षेत्र में जवाहर नगर पुलिया के पास बीती रात 26 वर्षीय युवक यज्ञेश उर्फ शिवा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही केंट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया।
रविवार सुबह जिला अस्पताल में तीन चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युवक की पहचान और घर से गायब होने का समय
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान यज्ञेश उर्फ शिवा, पिता रितेश शर्मा, निवासी स्कीम नंबर 36-ए, जाति ब्राह्मण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यज्ञेश शनिवार शाम लगभग 5 बजे घर से किसी काम का कहकर निकला था।
परिजनों के अनुसार देर शाम तक वह घर वापस नहीं आया। रात करीब 8 बजे रिश्तेदारों और परिचितों के साथ उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सड़क किनारे अचेत अवस्था में मिला युवक
रात लगभग 1 बजे कुछ परिचितों ने यज्ञेश को जवाहर नगर स्थित एक ब्यूटी पार्लर के सामने सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा देखा। सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी गई।
108 एंबुलेंस की मदद से युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच और मर्ग कायम
घटना की सूचना मिलते ही केंट पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम में मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए तीन चिकित्सकों का पैनल लगाया गया। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का खुलासा संभव होगा।
परिजनों में मचा हड़कंप, पुलिस से जुटाई जानकारी
युवक की संदिग्ध मौत की खबर मिलते ही परिजन सकते में आ गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और युवक के अंतिम समय में कहां-कहां गया, इस संबंध में जानकारी जुटा रही है।
केंट पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।