ताजासमाचार

समग्र पोर्टल की गलती से विधवा महिला संबल योजना से वंचित, महीनों से भटक रही सीमा गुर्जर ने कलेक्टर से लगाई गुहार

डेस्क न्यूज 09 December, 2025 अन्य

नीमच। सरकारी विभागों की लापरवाही का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। ग्राम ग्वालदेविया की निवासी सीमा गुर्जर पिछले कई महीनों से अपने 3 वर्षीय मासूम बेटे के साथ सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। सीमा के पति प्रहलाद गुर्जर की 27 जनवरी को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, लेकिन समग्र पोर्टल पर उनकी मृत्यु का कारण “सामान्य मृत्यु” दर्ज कर दिया गया। इस गंभीर त्रुटि के कारण परिवार मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना से मिलने वाली सहायता राशि से अब तक वंचित है।
सीमा ने बताया कि उन्होंने 26 मार्च को ग्राम पंचायत में आवेदन दिया था। इसके बाद जिले की आईडी पर भी सुधार हेतु प्रस्ताव भेजा गया और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कई महीनों बाद भी रिकॉर्ड में संशोधन नहीं किया गया। एक गलत एंट्री ने पहले से दुखी परिवार पर आर्थिक संकट और गहरा कर दिया है।
सीमा का कहना है कि उनके पति ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। अब गलती सुधारने में हो रही लापरवाही के कारण उन्हें अपने छोटे बच्चे के साथ दर-दर भटकना पड़ रहा है। सीमा के भाई ने भी कहा कि मामला स्पष्ट रूप से सड़क दुर्घटना का है, फिर भी रिकॉर्ड सही करने में अनावश्यक देरी हो रही है।
पीड़ित महिला ने अब जिलाधीश से आग्रह किया है कि समग्र पोर्टल पर मृत्यु कारण में तत्काल सुधार कराते हुए संबल योजना की सहायता राशि शीघ्र दिलवाई जाए, ताकि परिवार को आर्थिक राहत मिल सके और वे अपना गुजर–बसर कर सकें।

Related Post