ताजासमाचार

आदिवासी महिला ने कलेक्टर जनसुनवाई में लगाई गुहार—पैतृक भूमि पर दबंगों के कब्जे, धमकियों और जातिगत उत्पीड़न की शिकायत

डेस्क न्यूज 09 December, 2025 अन्य

नीमच। जिले की जावद तहसील के ग्राम लापिया की आदिवासी महिला सीताबाई पिता किशना भील, हाल मुकाम मोलाना आजाद कॉलोनी नीमच, मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचीं और अपनी पैतृक कृषि भूमि पर दबंगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे की गंभीर शिकायत दर्ज कराई।

सीताबाई ने बताया कि उनकी पैतृक भूमि सर्वे नंबर 62 रकबा 0.021 हे. और सर्वे नंबर 63 रकबा 1.055 हे. राजस्व रिकॉर्ड में उनके साथ सहखातेदार बहन घीसीबाई, गीताबाई, पिसरान किशना तथा भतीजी निर्मला के नाम दर्ज है। परिवार लंबे समय से इसी भूमि पर खेती कर आजीविका चलाता है।

आरोप है कि गांव के ही रामदयाल गुर्जर और जीतमल गुर्जर ने जबरन जमीन पर पत्थर गड़वाकर बाउंड्री निर्माण कर कब्जा कर लिया है। पीड़िताओं को खेत में प्रवेश करने से रोका जा रहा है और विरोध करने पर जातिगत गालियां व जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। महिला ने बताया कि दबंगों के खौफ के चलते गांव का कोई भी व्यक्ति उनके समर्थन में आगे आने से डरता है।

सीताबाई ने बताया कि इससे पूर्व 02 सितंबर 2025 को भी इस संबंध में शिकायत की गई थी, जिसे तहसीलदार जावद को कार्रवाई के लिए भेजा गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार बढ़ते दबाव और धमकियों के कारण वे अपनी ही जमीन पर खेती नहीं कर पा रही हैं।

पीड़ित महिला ने जनसुनवाई में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा उपलब्ध कराने, भूमि का वास्तविक कब्जा वापस दिलाने तथा आरोपितों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि वह निडर होकर अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।

Related Post