न्यूज डेस्क
08 December, 2025
राजनीति
नीमच। जिले में वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और सुव्यवस्थित प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल पूरी की गई है। वक्फ बोर्ड कार्यालय, नीमच में आयोजित बैठक और रिकॉर्ड संकलन कार्यक्रम के दौरान जिले की 350 से अधिक वक्फ संपत्तियों का उम्मीद पोर्टल पर सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन किया गया। इस कार्यवाही की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष फिरोज पठान ने की।
वक्फ बोर्ड की यह पहल लंबे समय से बिखरी सूचनाओं को एक प्लेटफॉर्म पर समेकित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद अब इन संपत्तियों से जुड़े स्वामित्व, उपयोग और वर्तमान स्थिति का अद्यतन रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, यह प्रक्रिया न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी, बल्कि भविष्य में संपत्तियों के प्रबंधन, रखरखाव और विवाद समाधान में भी सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड कमेटी के सचिव सादिक हुसैन, जावद तहसील अध्यक्ष जाहिद कुंडलावाला, रामपुरा तहसील अध्यक्ष इकराम वारसी, मनासा तहसील अध्यक्ष साहिल शेख, जावेद दुर्रानी, पार्षद प्रतिनिधि इकबाल कुरैशी, शहबाज़ शेख, नयर पठान, जीशान पठान, शेख सैयद पठान, जिला कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मोहसिन पठान तथा मीडिया प्रभारी अजहर खान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला अध्यक्ष फिरोज पठान ने कहा कि वक्फ संपत्तियाँ समाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक हित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनका संरक्षण और पारदर्शी प्रबंधन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि उम्मीद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की यह व्यापक मुहिम आगे संपत्तियों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करेगी और जिले में बेहतर व्यवस्थापन का मार्ग प्रशस्त करेगी।