डेस्क न्यूज
06 December, 2025
अन्य
नीमच। शहरवासियों के स्वास्थ्य, शुद्धता और प्राकृतिक उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन, नगर पालिका और कृषि विभाग की संयुक्त पहल पर शनिवार को दशहरा मैदान में साप्ताहिक “जैविक हाट बाजार” का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा ने फीता काटकर इस बाजार का उद्घाटन किया और स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों द्वारा लाए गए जैविक उत्पादों को प्रोत्साहित किया। मौके पर कृषि विभाग, नगर पालिका एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह हाट बाजार अब प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से लगेगा, जिसमें शहरवासी एक ही स्थान पर 100% शुद्ध, रसायनमुक्त और प्रमाणिक जैविक उत्पाद सहजता से खरीद सकेंगे। बाजार में ताज़ी सब्जियाँ, देशी दालें, अनाज, जैविक मसाले, गुड़, तेल, बायो फर्टिलाइज़र, हर्बल दवाइयाँ और कई प्राकृतिक स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद किसानों द्वारा सीधे बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए। इससे उपभोक्ताओं को बिना बिचौलियों के उचित दरों पर उच्च गुणवत्ता वाला सामग्री खरीदने का लाभ मिला।
कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा ने कहा कि जैविक हाट बाजार न केवल नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा स्थानीय किसानों की आय बढ़ाने का भी प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बाजार को दशहरा मैदान में स्थान दिया गया है, और आगे इसे स्थायी स्वरूप देने की योजना है। कलेक्टर ने किसानों से अधिक से अधिक ऑर्गेनिक खेती की ओर रुझान बढ़ाने का आग्रह किया, ताकि शहरवासियों को शुद्ध एवं रसायनमुक्त खाद्य सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके।
इस पहल से न केवल जैविक उत्पादों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि प्राकृतिक खेती को नई दिशा और मजबूती भी मिलेगी। शहरवासियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा बाजार स्वास्थ्य और प्रकृति दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा।