ताजासमाचार

3 हजार करोड़ की ठगी का आरोपी अब बना 'बाबा', 9 राज्यों में 200 FIR, नीमच कोर्ट में हुई पेशी

न्यूज डेस्क 26 April, 2025 अपराध

नीमच (मध्य प्रदेश)। देशभर में निवेशकों को झांसा देकर करीब 3 हजार करोड़ रुपये की ठगी करने वाले आरोपी राधेश्याम सुथार की एक बार फिर कोर्ट में पेशी हुई। ठगी के इस बहुचर्चित मामले में आरोपी को अब ‘बाबा’ बनकर यूट्यूब पर प्रवचन देते हुए देखा जा रहा है। 

मूल रूप से हरियाणा के हिसार निवासी राधेश्याम सुथार ने 'फ्यूचर मेकर प्राइवेट लिमिटेड' नाम की कंपनी बनाकर सैकड़ों लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी की। इस जालसाजी के खिलाफ देश के 9 राज्यों में कुल 200 से अधिक एफआईआर दर्ज हैं। अकेले नीमच जिले से ही 92 फरियादी सामने आए हैं, जिनका कुल नुकसान 5.5 करोड़ रुपये आंका गया है। 

ठगी की कुल राशि देशभर में मिलाकर लगभग 3 हजार करोड़ रुपये पहुंचती है। सुप्रीम कोर्ट ने 12 मई 2022 को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए देशभर में दर्ज सभी प्रकरणों को मर्ज कर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की थी। मध्य प्रदेश के 10 जिलों के लिए नीमच पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया गया है। 

अब तक इस मामले में 10 चालान तैयार किए जा चुके हैं, जिनमें से एक पहले ही पेश किया जा चुका है, जबकि मंदसौर, बड़वानी और खरगोन के चालान 26 अप्रैल शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। शेष छह चालान जल्द ही पेश किए जाएंगे। 

पेशी के दौरान जब मीडिया की नजर आरोपी बाबा उर्फ राधेश्याम पर पड़ी, तो वह कैमरे से बचते हुए न्यायालय परिसर के पीछे भागते नजर आया। हैरानी की बात यह है कि जिस व्यक्ति ने हजारों लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पी, वह अब ‘आध्यात्मिक गुरु’ बनकर यूट्यूब पर प्रवचन दे रहा है। 

पीड़ित निवेशकों और आम जनता में इस बात को लेकर भारी रोष है कि इतना बड़ा आर्थिक अपराध करने के बाद भी आरोपी खुलेआम सोशल मीडिया पर सक्रिय है और लोगों को 'धर्म' और 'जीवन का ज्ञान' बाँट रहा है।

Related Post