डेस्क न्यूज
04 December, 2025
अन्य
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को राजधानी के अपर लेक बोट क्लब में पर्यटन निगम द्वारा स्थापित की गई 20 नई ‘शिकारा सेवाओं’ का भव्य शुभारंभ किया। कश्मीर की डल झील की तर्ज पर तैयार इन खूबसूरत शिकारों ने भोपाल की झीलों के सौंदर्य और पर्यटन संभावनाओं में एक नया आयाम जोड़ दिया है।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, दिलीप अहीरवार, राधा सिंह सहित अनेक विधायक एवं गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।
CM ने की शिकारा सैर, की सुविधाओं की प्रशंसा
शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्वयं शिकारों में सवार होकर झील की सैर पर निकले। उन्होंने कश्मीर की डल झील जैसा अनुभव कराते इन शिकारों की डिजाइन और सुविधाओं की सराहना की। सैर के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकारा-बोट रेस्टोरेंट से चाय, पोहा, समोसे और फलों का नाश्ता लेकर स्वाद का आनंद लिया तथा फ्लोटिंग बोट मार्केट से वस्त्रों की खरीदारी भी की।
पर्यावरण-सुरक्षित और अत्याधुनिक तकनीक
इन शिकारों का निर्माण FRP (फाइबर रिइनफोर्स्ड पॉलीयूरिथेन) से किया गया है, जो पूर्णतः नॉन-रिएक्टिव और पर्यावरण के लिए सुरक्षित सामग्री है।
जल के संपर्क में किसी भी प्रकार का प्रदूषण नहीं अत्याधुनिक तकनीक से निर्मित होने के कारण अधिक सुरक्षित, टिकाऊ एवं आकर्षक पर्यावरण-हितैषी डिजाइन, उच्च गुणवत्ता और पर्यटन अनुकूल संरचना
भोपाल बनेगा वाटर-टूरिज़्म हब
पर्यटन निगम का लक्ष्य राजधानी भोपाल में ऐसा जल-पर्यटन वातावरण तैयार करना है, जो आगंतुकों को डल झील जैसी अनुभूति प्रदान करे। शिकारों की शुरुआत के साथ भोपाल को एक वाटर-टूरिज़्म हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।