डेस्क न्यूज
04 December, 2025
अन्य
नीमच | विश्व एड्स दिवस के अवसर पर शासकीय मेडिकल कॉलेज नीमच एवं संबद्ध विजयराजे सिंधिया जिला चिकित्सालय ने स्वास्थ्य सेवाओं में जागरूकता और संवेदनशीलता का अद्वितीय उदाहरण पेश किया। यहां एक एचआईवी पॉजिटिव मरीज की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। सर्जरी के दौरान न सिर्फ उच्च स्तरीय सावधानियों का पालन किया गया, बल्कि सर्जरी टीम को संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम संबंधी विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 45 वर्षीय एक पुरुष को पैर की हड्डी में गंभीर फ्रैक्चर हुआ था। वे पहले एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन एचआईवी पॉजिटिव होने और उपचार की उच्च लागत के कारण उन्होंने जिला चिकित्सालय का रुख किया। यहां मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं अस्थिरोग विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत कुमार आचार्य ने मरीज की जांच के बाद तत्काल सर्जरी की सलाह दी।
एचआईवी संक्रमित मरीज की सर्जरी के लिए ऑपरेशन थिएटर में विशेष सुरक्षा किट, संक्रमण-रोध उपकरण और प्रशिक्षित टीम की आवश्यकता होती है। इसी को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आदित्य बेराड़ और जिला चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटिल ने सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। साथ ही सर्जरी टीम को आधुनिक सुरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया गया।
सर्जरी टीम में ट्रॉमा एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. पुनीत आचार्य, सीनियर रेजिडेंट डॉ. दिव्यम पांडे, डॉ. शिववीर सिंह, डॉ. अतुल सोलंकी, इंटर्न डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ शामिल रहे। निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. दिनेश पाटीदार एवं डॉ. स्मिता वागमोडे ने मरीज को क्षेत्रीय निश्चेतना देकर प्रक्रिया को सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा किया।
पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग और संचालन डीन डॉ. आदित्य बेराड़ और अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटिल के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान ओटी प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर सविता अमलियार, कल्पना मुछावत, टेक्नीशियन ऋषभ गुप्ता, रामराज और कैलाश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विश्व एड्स दिवस पर मेडिकल कॉलेज द्वारा किया गया यह प्रयास एचआईवी संक्रमित मरीजों के प्रति संवेदनशील और वैज्ञानिक चिकित्सा दृष्टिकोण का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया है।