ताजासमाचार

पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान बना वरदान ! 17 साल बाद लापता किशोरी राजस्थान से सुरक्षित बरामद

डेस्क न्यूज 29 November, 2025 अन्य

नीमच। अपहृत एवं गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर 1 से 30 नवंबर तक पूरे प्रदेश में “ऑपरेशन मुस्कान” अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लापता बच्चों की सुरक्षित दस्तयाबी कर उन्हें उनके परिजनों से मिलाकर परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाना है। इसी कड़ी में जिला नीमच में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस द्वारा नाबालिगों के अपहरण एवं गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साधनों, मुखबिर तंत्र और सायबर सेल की मदद से सतत् कार्रवाई जारी है।
इसी अभियान के तहत जावद क्षेत्र की 16 वर्षीय एक किशोरी, जो वर्ष 2008 से लापता थी, को 17 साल बाद राजस्थान के राजसमंद जिले से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। यह सफलता जिले के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है।

2008 में हुई थी किशोरी की गुमशुदगी
दिनांक 24 अप्रैल 2008 को नाबालिग किशोरी लापता हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट परिजनों ने 26 अप्रैल 2008 को थाना जावद में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 348/2013 धारा 363 भादवि के तहत प्रकरण पंजीबद्ध हुआ था। पुलिस द्वारा लंबे समय तक निरंतर खोज के बावजूद कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया था। मामले में पुलिस अधीक्षक नीमच द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

तकनीक और तत्परता से मिली सफलता
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर के निर्देशन में पुलिस चौकी नयागांव और सायबर सेल की संयुक्त विशेष टीम ने तकनीकी विश्लेषण, सूचना संकलन और मुखबिर तंत्र के सक्रिय उपयोग से पता लगाया कि नाबालिग बालिका राजस्थान के राजसमंद जिले में हो सकती है। इसके बाद टीम ने संभावित स्थानों पर सघन तलाश की और ग्राम सिन्देरसर कला, थाना रेलमगरा से बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को स्वतंत्र रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

टीम का सराहनीय योगदान
इस उल्लेखनीय सफलता में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, सउनि सुरेश कटारिया, प्रआर कन्हैयालाल राठौर, प्रआर प्रदीप शिंदे (प्रभारी सायबर सेल), सायबर सेल टीम एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालय जावद के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post