ताजासमाचार

नीमच में साइड न देने पर कार चालक की गुंडागर्दी, स्कूटी चालक से सरेआम मारपीट — वीडियो वायरल, पुलिस में शिकायत दर्ज

डेस्क न्यूज 29 November, 2025 अन्य

नीमच। कैंट थाना क्षेत्र के अंबेडकर मार्ग पर शनिवार दोपहर एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जब साइड न देने पर कार चालक ने स्कूटी सवार युवक के साथ बीच सड़क पर मारपीट कर दी। घटना का वीडियो राहगीरों द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डालते ही तेजी से वायरल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजकुमार पिता नंदलाल मेघवाल (25), निवासी भोलियावास, दोपहर करीब 1:30 बजे अपनी बेटी को स्कूल से लेने स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान कार क्रमांक MP 44 ZA 8784 का चालक लगातार हॉर्न बजाता हुआ पीछे चल रहा था, पर आगे सड़क संकरी होने के कारण राजकुमार स्कूटी को साइड नहीं दे सका।
गुस्से में कार चालक ने स्कूटी को ओवरटेक कर वाहन रोक दिया और बिना किसी बातचीत के गाली-गलौज करते हुए राजकुमार पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से स्कूटी चालक घबरा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली और मारपीट रोकवाई।
घटना का वीडियो बनाकर लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया और घटना को लेकर आक्रोश फैल गया।
पीड़ित राजकुमार ने कैंट थाने पहुंचकर आरोपी कार चालक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यह घटना न केवल उसकी जान के लिए खतरा थी, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Related Post