डेस्क न्यूज
29 November, 2025
अन्य
मंदसौर। जिले के मल्हारगढ़ थाने ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में अपना परचम लहराया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा घोषित भारत के टॉप-10 सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों की सूची में मल्हारगढ़ थाना 9वें स्थान पर रहा। यह घोषणा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रायपुर में आयोजित 60वीं डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस में की।
गृह मंत्रालय ने थानों के मूल्यांकन के लिए 70 अलग-अलग मानक निर्धारित किए थे, जिनमें अपराध नियंत्रण, मामलों के त्वरित निराकरण, स्वच्छता, तकनीकी संसाधनों का उपयोग, पुलिसकर्मियों का व्यवहार और आमजन की संतुष्टि जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल थे। मल्हारगढ़ थाने ने इन सभी पैमानों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में अपनी जगह बनाई। गौरतलब है कि पूरे मध्यप्रदेश से केवल मल्हारगढ़ थाना ही इस सूची में शामिल हुआ है, जो जिले और प्रदेश दोनों के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मल्हारगढ़ थाना स्टाफ, मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीना और समस्त जिला पुलिस को बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए सम्मानजनक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य पुलिस के शानदार कार्य और अनुशासन का प्रमाण है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई संदेश साझा किया। उल्लेखनीय है कि मल्हारगढ़ उपमुख्यमंत्री का ही विधानसभा क्षेत्र है।
मंदसौर पुलिस का गौरव बढ़ा
एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल मंदसौर जिले, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता पुलिस विभाग के आदर्श वाक्य “देशभक्ति–जनसेवा” का सच्चा प्रतीक है।
मंदसौर पुलिस ने जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया है।