डेस्क न्यूज
28 November, 2025
अन्य
नीमच। मेडिकल कॉलेज छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए शुद्ध और ठंडे पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विधायक दिलीप सिंह परिहार ने लॉयंस क्लब के सहयोग से स्थापित आधुनिक वाटर कूलर एवं RO यूनिट का लोकार्पण किया। यह सुविधा लॉयंस क्लब के माध्यम से अशोक अरोरा, गंगानगर द्वारा दानस्वरूप प्रदान की गई है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक परिहार ने कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और उनके अध्ययन वातावरण के लिए अत्यंत जरूरी है। उन्होंने इसे सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए लॉयंस क्लब तथा दानदाता अशोक अरोरा का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जब सामाजिक संस्थाएँ प्रशासन के साथ मिलकर काम करती हैं, तो समाज के विकास में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस प्रकार के सहयोग शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर मिलते रहेंगे।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासन, छात्रावास प्रभारी, फैकल्टी सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने इस नई सुविधा के लिए खुशी जताते हुए लॉयंस क्लब और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।