डेस्क न्यूज
27 November, 2025
अन्य
नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के मालाखेड़ा फंटे के समीप गुरुवार सुबह एक दिल दहलाने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक (RJ 09 GC 9847) ने गिट्टी से भरे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में ट्रैक्टर सवार अत्तर सिंह पिता माडू सिंह (36) निवासी मोरध, जिला जयपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विजेंद्र पिता पूरणमल आर्य (32) निवासी टमौरी, जिला कोटपूतली घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक नीमच भाटखेडा फंटे पर खड़ी अपनी लहसुन लोडिंग वाली ट्रक लेने आए थे। वे रास्ते में नयागांव से पैदल नीमच की ओर जा रहे थे और गिट्टी से भरे ट्रैक्टर चालक से लिफ्ट मांग रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और मृतक व घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। विजेंद्र ने बताया कि हादसे में उन्हें मामूली चोटें आई हैं, जबकि उनके साथी की मौत हो गई। ट्रक चालक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मालाखेड़ा फंटे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही इस मार्ग पर लगातार हादसों का कारण बन रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास कर रही है।