ताजासमाचार

जिला अस्पताल में प्रसूता की संदिग्ध मौत पर बवाल : आईसीयू में तोड़फोड़, डॉक्टर पर पैसे मांगने और लापरवाही के आरोप, परिजन केंट थाने के बाहर बैठे धरने पर 

डेस्क न्यूज 23 November, 2025 अन्य

नीमच। जिला अस्पताल में शनिवार देर रात प्रसूता की संदिग्ध मृत्यु के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने मौत को गंभीर मेडिकल लापरवाही का परिणाम बताते हुए आईसीयू में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर को भी घेरकर हाथापाई की कोशिश की गई। अचानक हुए इस हंगामे से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई नर्सें व स्टाफ डर के चलते वार्ड से बाहर निकल आए।

ऑपरेशन के बाद थी सामान्य, रात में अचानक बिगड़ी तबीयत
ग्राम आचारी निवासी टीना (पत्नी प्रहलाद मीणा) को 20 नवंबर को दूसरी डिलीवरी के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। सफल ऑपरेशन के बाद उसने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया था और शनिवार शाम तक वह सामान्य रूप से भोजन कर रही थी। परिजनों का आरोप है कि रात में उसकी हालत अचानक बिगड़ी, लेकिन कई बार बुलाने पर भी नर्स और स्टाफ समय पर नहीं आए।
स्थिति बिगड़ने पर डॉक्टरों ने टीना को ऑक्सीजन लगाकर ट्रॉमा सेंटर आईसीयू में शिफ्ट किया। हिमोग्लोबिन कम होने पर ब्लड चढ़ाया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही हुई, जिससे टीना की हालत और खराब हो गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

आईसीयू में तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मौत की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और आईसीयू में जबरन घुसकर कांच तोड़ दिया तथा उपकरणों में भी नुकसान पहुंचाया। सूचना पर प्रभारी टीआई भगत सिंह रात करीब 11:30 बजे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। करीब 12:30 बजे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस और प्रशासन ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।

डॉक्टर पर रुपए मांगने का आरोप
परिजनों ने डॉक्टर लाड़ धाकड़ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर ने 16,000 रुपए की मांग की थी, जिसमें से 4,000 पहले और 3,000 बाद में दिए गए, फिर भी इलाज में गंभीर लापरवाही की गई।

केंट थाने के बाहर धरना, शव लेने से इंकार
रविवार सुबह टीना का पोस्टमार्टम किया गया, लेकिन परिजनों ने डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग करते हुए शव लेने से इनकार कर दिया। सुबह होते ही परिजन और ग्रामीण केंट थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया। नायब तहसीलदार व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए।

मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टीना की मौत के बाद पति प्रहलाद मीणा की हालत भी बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। अस्पताल प्रबंधन और जिले के प्रशासन के लिए यह घटना गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Related Post