ताजासमाचार

फोफल्या गांव की महिला पहुंची एसपी ऑफिस,  कुकड़ेश्वर पुलिस पर लापरवाही का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग 

डेस्क न्यूज 23 November, 2025 अन्य

नीमच। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के फोफल्या गांव की रहने वाली संगीता बाई शनिवार को अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसपी अंकित जायसवाल को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंग लोग लंबे समय से उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और प्रताड़ना कर रहे हैं, लेकिन कुकड़ेश्वर पुलिस उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही।

कुएं से सिंचाई को लेकर बढ़ा विवाद-
पीड़िता के अनुसार, उनकी कृषि भूमि पर स्थित सामलाती कुएं से वह और अन्य किसान सिंचाई करते हैं। इसी कुएं को लेकर गांव के लीलाराम बलाई, उदयराम, रामनिवास, रुखी बाई और हेमा उनसे रंजिश रखते हैं। संगीता बाई ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपियों ने उनकी मोटर को सीधे बिजली लाइन जोड़कर जला दिया। बाद में उन्होंने निजी खर्च से मोटर ठीक करवाई।
महिला का कहना है कि जब वह दोबारा मोटर चला रही थीं, तभी आरोपी वहां पहुंचे और उन्हें रोकने लगे। मना करने पर गाली-गलौज की और विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने उनका हाथ पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना का वीडियो उपलब्ध, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई-
पीड़िता ने बताया कि घटना का वीडियो भी मौजूद है, जिसमें आरोपियों की मारपीट स्पष्ट दिखाई देती है। इसके बावजूद कुकड़ेश्वर थाने में न तो उनकी शिकायत दर्ज की गई और न ही कोई कार्रवाई हुई। पुलिस की इस उदासीनता से परेशान होकर वह एसपी ऑफिस पहुंचीं और निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई की मांग की।

 

Related Post