ताजासमाचार

NDPS तस्करी और रंगदारी के कुख्यात आरोपी विक्रमसिंह व बंटी बघाना पुलिस के चढ़े हत्थे, 8 साल पुराने वारंट पर की गई बड़ी कार्रवाई

डेस्क न्यूज 23 November, 2025 अन्य

नीमच। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिले में वारंटियों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बघाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बघाना नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आठ वर्ष पुराने NDPS प्रकरण में दर्ज दो स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पकड़े गए आरोपियों में विक्रमसिंह पिता लालसिंह सौधिया राजपूत और बंटी उर्फ रविन्द्रसिंह पिता लालसिंह सौधिया राजपूत, निवासी ग्राम खेरमालिया शामिल हैं। दोनों पर NDPS एक्ट न्यायालय जावद के एसटी क्रमांक 27/2017 तथा थाना जावद के अपराध क्रमांक 342/2016 धारा 8/15, 29 NDPS एक्ट में स्थाई वारंट जारी थे। इनमें से एक आरोपी थाना बघाना के रंगदारी मामले में भी फरार चल रहा था।

इसी दौरान थाना बघाना के अपराध क्रमांक 325/2025 एवं 326/2025 की विभिन्न गंभीर धाराओं — 115(2), 296, 351(2), 324(2), 119(1), 3(5) BNS — में फरार आरोपी विक्रमसिंह को भी पुलिस ने पकड़ा। आरोपी लंबे समय से पुलिस कार्रवाई से बच रहा था।

पुलिस टीम ने सटीक जानकारी के आधार पर रणनीतिक दबिश देते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। यह कार्रवाई वर्षों से लंबित प्रकरणों के निराकरण में महत्वपूर्ण प्रगति मानी जा रही है। साथ ही NDPS, रंगदारी और गंभीर धाराओं से जुड़े मामलों में भी बड़ी सफलता मिली है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक रामकिशन सिंगावत, प्रधान आरक्षक दिलीप जाट, आरक्षक ओमप्रकाश पारगी, आरक्षक राहुल डाबी, आरक्षक पंकज पाटीदार एवं महिला आरक्षक पूजा मालवीय का सराहनीय योगदान रहा।

Related Post