डेस्क न्यूज
20 November, 2025
अन्य
रतनगढ़। नवंबर–दिसंबर के शादी-विवाह सीजन में जहां मांगलिक भवनों की भारी मांग रहती है, वहीं रतनगढ़ स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक भवन अपनी बदहाल स्थिति के कारण पूरी तरह से बुकिंग से बाहर कर दिया गया है। नगर परिषद की लगातार लापरवाही ने न सिर्फ आमजन को परेशान कर दिया है, बल्कि परिषद की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वार्ड क्रमांक 14 में स्थित इस भवन की हालात इतने खराब हैं कि पिछले 5–6 महीनों से इसकी कोई मरम्मत नहीं हुई। एक ओर भवन का एक हिस्सा जर्जर बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सेफ्टी टैंक के लीकेज ने स्थिति को और भयावह बना दिया है। गंदे पानी की निकासी इधर-उधर फैल रही है, जिससे परिसर और आसपास के घरों में दुर्गंध, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी खतरे बढ़ रहे हैं।
बुकिंग कराने पहुंचे लोगों को नगर परिषद यह कहकर लौटा रही है कि भवन उपयोग के योग्य नहीं है। इससे निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरन लोगों को रतनगढ़ से लगभग 1 किलोमीटर दूर स्थित जाट रोड मांगलिक भवन या निजी स्थानों पर अधिक रकम खर्च कर आयोजन करना पड़ रहा है।
स्थानीय जागरूक नागरिकों ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद के जनप्रतिनिधि समस्या जानते हुए भी समाधान में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। जबकि यह भवन नगर परिषद के लिए हर सीजन में हजारों रुपये की आय का स्रोत रहा है।
क्या शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान देते हुए भवन की शीघ्र मरम्मत कराएंगे या फिर नागरिकों को यूं ही भटकना पड़ेगा |