डेस्क न्यूज
18 November, 2025
अन्य
नीमच। जिले में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जन सुनवाई, शिकायत निवारण एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर में पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश जोगा के निर्देशानुसार पूरे जोन में एक साथ यह शिविर आयोजित किया गया।
पुलिस कंट्रोल रूम स्थित सभाकक्ष में आयोजित इस शिविर में लगभग 58 आवेदक पहुंचे, जिन्होंने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। एसपी अंकित जायसवाल ने प्रत्येक आवेदन को ध्यानपूर्वक सुनकर संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई एवं समयबद्ध व निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन से संबंधित लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने स्वयं आवेदकों से चर्चा कर उनकी शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया और कई प्रकरणों को मौके पर ही बंद कर दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी, डीएसपी महिला सुरक्षा निकीता सिंह, सहित जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही बढ़ाना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना रहा, जिसे लेकर लोगों ने राहत व्यक्त की।