ताजासमाचार

भव्यादित्य की राष्ट्रीय तैराकी में ऐतिहासिक विजय, पैरा खेलों में नीमच को मिला पहला नेशनल मेडल

डेस्क न्यूज 17 November, 2025 अन्य


नीमच। हैदराबाद में 15 से 18 नवम्बर तक आयोजित 25वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चैंपियनशिप 2025 में स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नीमच के युवा पैरा स्विमर भव्यादित्य चंद्रपाल सिंह राठौड़ ने इतिहास रच दिया। भव्यादित्य ने 50 मीटर एवं 100 मीटर बैक स्ट्रोक में शानदार कौशल दिखाते हुए दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए। यह उपलब्धि न केवल प्रदेश बल्कि पूरे नीमच जिले के लिए गर्व का क्षण बनी।

भव्यादित्य नीमच जिले के पहले पैरा स्विमर हैं जिन्होंने किसी राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेकर दो पदक जीतने का गौरव हासिल किया। उनकी इस कामयाबी ने जिले को राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दी है।

वॉटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी और मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि भव्यादित्य में अद्भुत क्षमता है। वे पिछले तीन वर्षों से स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब एवं नगरपालिका स्विमिंग पूल में लगातार अभ्यास कर रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान कोच अभिषेक अहीर ने शुरुआती तकनीकें सिखाईं, सुधा सोलंकी ने स्ट्रोक करेक्शन में मार्गदर्शन दिया, जबकि आयुष गौड़ ने कठोर अभ्यास द्वारा प्रदर्शन को निखारा। वहीं नीलेश घावरी और समीर सिंह का सहयोग भी उनकी प्रगति में अहम रहा। यह जीत पूरे टीम के समर्पण और सहयोग का परिणाम है।

स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नगरपालिका स्टाफ, पूल टीम और अभिभावकों ने भव्यादित्य को उनकी उज्ज्वल सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

भव्यादित्य ने साबित किया कि नीमच के खिलाड़ी किसी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने की पूरी क्षमता रखते हैं साथ ही चुनौतियों के बीच भी निरंतर मेहनत व विश्वास से सपनों को नई दिशा दी जा सकती है।

Related Post