ताजासमाचार

2 घंटे बाद खुला रेवली देवली का चक्काजाम ! प्रशासन की समझाइश पर बनी सहमति, आरोपी गिरफ्तार – कार भी जब्त

डेस्क न्यूज 17 November, 2025 अन्य

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम रेवली देवली में सोमवार सुबह उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब हाल ही में सड़क हादसे में मृतक हुए कारूलाल सेन के परिजन और ग्रामीण अचानक सड़क पर उतर आए। परिजनों ने दिवंगत की तस्वीर मुख्य मार्ग पर रखकर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। परिजनों ने जीरन पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही और एफआईआर दर्ज न करने के गंभीर आरोप लगाए।

सड़क हादसे में कारूलाल सेन की मौत
11 नवंबर को जीरन थाना क्षेत्र के फोफलिया मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक पर जा रहे कारूलाल सेन और उनकी पत्नी रेखा सेन को जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसा इतना भीषण था कि कारूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। रेखा सेन का इलाज अहमदाबाद में जारी है। परिजन घटना के बाद से ही कार चालक की गिरफ्तारी और सख्त धाराओं में एफआईआर की मांग कर रहे थे।

पुलिस पर लापरवाही के आरोप
हादसे के कई दिन बीत जाने के बाद भी जब एफआईआर दर्ज नहीं हुई, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार सुबह उन्होंने रेवली देवली के मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया और जीरन पुलिस पर लापरवाही तथा कथित रूप से रिश्वत लेने के आरोप लगाए। लगातार बढ़ते विवाद के कारण हालात तनावपूर्ण हो गए।

प्रशासन मौके पर पहुँचा, दो घंटे बाद बनी सहमति
चक्का जाम की सूचना पर सीएसपी किरण चौहान, सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान और पुलिस बल मौके पर पहुँचे। बाद में एसडीएम संजीव साहू भी वहां पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। करीब दो घंटे की समझाइश के बाद परिजनों की मांगों पर सहमति बनी। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस का बयान
सीएसपी किरण चौहान ने बताया कि परिजनों द्वारा रखी गई मांगों को गंभीरता से लिया गया है। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाहन भी जब्त किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।

Related Post