डेस्क न्यूज
15 November, 2025
अन्य
नीमच। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जिले में भव्य जनजाति गौरव दिवस समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में जनजाति समाज के अधिकारों के लिए बड़ा संघर्ष किया और उनका योगदान इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि देश तीव्र आर्थिक विकास की ओर बढ़ रहा है और जनजाति वर्ग के युवा शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नीमच विधायक ने की। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जनपद पंचायत अध्यक्ष शरदा बाई धनगर, कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एएसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच से जनजाति समाज के महापुरुषों के संघर्ष और योगदान पर प्रकाश डाला गया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़कर समाज के कल्याण में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। समाजजनों से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।
समारोह में नर्मदा, गुजरात और जबलपुर से राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया, जिसमें प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के उद्बोधन को जनसमुदाय ने लाइव सुना। इसके साथ ही संत रविदास स्वरोजगार योजना, टंट्या भील योजना सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट बालिका छात्रावास और कन्या छात्रावास की छात्राओं द्वारा जनजाति संस्कृति पर आधारित आकर्षक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया। वहीं श्री रामदेव बाबा भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंचस्थ अतिथियों का साफा और पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सोलंकी ने किया और अंत में जिला संयोजक ने आभार व्यक्त किया। समारोह में जनजाति समुदाय से जुड़े नागरिकों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।