न्यूज डेस्क
13 November, 2025
अन्य
नीमच। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम और बेहतर समन्वय के उद्देश्य से जिला स्तरीय नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन (NCORD) समिति की बैठक 13 नवंबर 2025 को कलेक्टर सभागृह नीमच में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल सचिव के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, नशे के बढ़ते प्रचलन, नशामुक्ति और पुनर्वास कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति ने जिले में नशा नियंत्रण के लिए समन्वित कार्ययोजना तैयार की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य रूप से जिन बिंदुओं पर चर्चा की गई उनमें शामिल रहे —
- मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचनाओं का आपसी आदान-प्रदान।
- अफीम, भांग आदि की अवैध खेती की निगरानी।
- क्रॉस-स्टेट मामलों की जांच की प्रगति की समीक्षा।
- स्कूलों और कॉलेजों में नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रमों का संचालन।
- नडीपीएस एक्ट के प्रावधानों और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों पर जनजागरूकता अभियान चलाना।
- प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम लागू करने पर चर्चा।
- नशा पहचान उपकरणों की उपलब्धता और आवश्यकता का आकलन।
- नशामुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्रों का निरीक्षण और पर्यवेक्षण।
- नशे की लत वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पुनर्वास से समाज की मुख्यधारा में जोड़ना।
- नशा-प्रभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित करना।
बैठक में समिति के सदस्य के रूप में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एएसपी नवल सिंह सिसोदिया, केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो अधीक्षक वी.एस. कुमार, आबकारी अधिकारी बंसल भिटे, जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया, ड्रग इंस्पेक्टर शोभित कुमार तिवारी, मनोवैज्ञानिक जीवन तिवारी, नशामुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुनील कुमार तिवारी, सामाजिक न्याय विभाग के जिला समन्वयक विनीत दुबे, एनसीबी इंदौर निरीक्षक गौरव कुमार, सीजीएसटी अधीक्षक कमलेश शर्मा, कृषि उपसंचालक पी.सी. पटेल, और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।