ताजासमाचार

पानी के कुएं को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 5 लोग घायल — अब एसपी के पास पहुंची शिकायत

डेस्क न्यूज 13 November, 2025 अन्य

नीमच। ग्राम लोलपुरा (नवलपुरा) में सामलाती कुएं से पानी लेने के विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। इस झगड़े में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य लोगों को चोटें आई हैं। घायल पक्ष ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक नीमच को अलग-अलग ज्ञापन सौंपते हुए हमलावरों पर सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। साथ ही, उन्होंने तहसीलदार और पटवारी पर आरोपी पक्ष से मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं।
पीड़ित कन्हैयालाल पिता भंवरलाल ब्राह्मण निवासी लोलपुरा (नवलपुरा) ने आवेदन में बताया कि उनकी कृषि भूमि सर्वे नंबर 215 और 40 पर सिंचाई के लिए सामलाती कुएं का पानी उपयोग किया जाता है। इसी कुएं के पानी के उपयोग को लेकर उनके सगे भाई लक्ष्मीनारायण और अन्य परिवारजनों से पहले से विवाद चल रहा है, जिसकी निगरानी अपर कलेक्टर के समक्ष प्रचलित है।
कन्हैयालाल का आरोप है कि तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल और मौजा पटवारी महेन्द्रसिंह सिसोदिया ने आरोपी पक्ष से सांठगांठ कर कार्रवाई नहीं की और दस्तावेजों की आड़ में उन्हें न्याय से वंचित किया।
12 नवंबर की सुबह करीब 9:30 बजे आरोपी कैलाश, घनश्याम, कमलेश, दिनेश, बंशीलाल, सुशीला और संगीता खेत पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए सिंचाई पाइपलाइन को पत्थरों से तोड़ दिया तथा पानी की मोटर को कुएं में फेंक दिया।
जब पीड़ितों ने रोकने की कोशिश की, तो आरोपी कैलाश ने लकड़ी से कन्हैयालाल के सिर पर हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई और तीन टांके लगे। वहीं आरोपी कमलेश ने लोहे की सरिया से राधेश्याम पर वार किया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। घटना के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बुजुर्ग कन्हैयालाल का इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक नीमच को ज्ञापन देकर आरोपियों पर प्राणघातक हमले की धाराओं में मामला दर्ज करने, सामलाती कुओं पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने की मांग की है।
वहीं, कलेक्टर को दिए आवेदन में पीड़ितों ने तहसीलदार और पटवारी पर मिलीभगत कर निष्पक्ष कार्रवाई न करने के आरोप लगाते हुए दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Post