ताजासमाचार

नीमच में नगर पालिका की सख्त कार्रवाई : गायत्री मंदिर रोड पर JCB से अतिक्रमण हटाया, कई दुकानदारों को नोटिस जारी

न्यूज डेस्क 13 November, 2025 अन्य

नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा शहर में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत बुधवार को गायत्री मंदिर मेन रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। नपा सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देशन में नगरपालिका की टीम ने यातायात विभाग के सहयोग से सड़क किनारे अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकानों के बाहर रखे गए बोर्ड, स्टॉल और अन्य सामग्री जब्त की। साथ ही जिन दुकानदारों ने दुकानों के आगे टीन शेड बनाकर कब्जा कर रखा है,उन्हें नोटिस जारी कर तीन दिवस में स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की स्थिति में नगरपालिका द्वारा बलपूर्वक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नगरपालिका अधिकारियों ने बताया कि यह अतिक्रमण विरोधी अभियान पिछले कई दिनों से लगातार चल रहा है और आगे भी जारी रहेगा। शहर के मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिसे सुव्यवस्थित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाएं और शहर को स्वच्छ एवं सुगम यातायात योग्य बनाने में सहयोग करें।

Related Post