ताजासमाचार

बिना डिग्री इलाज करने वाले का हॉस्पिटल हुआ सील, अब शिकायतकर्ता को मिल रही धमकियाँ — पीड़ित ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, सुरक्षा और कार्रवाई की मांग!

न्यूज डेस्क 11 November, 2025 अन्य

नीमच। जिले के ग्राम झातला में एक कथित डॉक्टर द्वारा बिना चिकित्सकीय डिग्री के इलाज किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर और जिला स्वास्थ्य अधिकारी को आवेदन सौंपकर “डॉ. बलवीर सिंह राठौर” के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि राठौर, जिन्हें लोग “नीमच वाले डॉक्टर” के नाम से जानते हैं, पिछले करीब 30 वर्षों से ग्राम में क्लिनिक चला रहे हैं, जबकि उनके पास किसी प्रकार की डिग्री या डिप्लोमा नहीं है।
आवेदन में आरोप लगाया गया कि राठौर अपने क्लिनिक पर सरकार द्वारा प्रतिबंधित इंजेक्शन और दवाइयों का उपयोग करते हैं तथा इलाज के नाम पर ग्रामीणों से मोटी रकम वसूलते हैं। इतना ही नहीं, वे स्वयं दवाइयाँ भी देते हैं और उनके पास बंद की गई स्टेरॉयड दवाओं का भरपूर स्टॉक मौजूद है।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि राठौर न्यू प्रकाश मेडिकल, आस्था मेडिकल और धाकड़ मेडिकल जैसी दुकानों से कमीशन लेकर दवाइयाँ बिकवाते हैं, जहां प्रतिबंधित दवाएँ भी उपलब्ध बताई जा रही हैं।
इस बीच ग्राम निवासी अशोक कुमार पिता शंभू लाल धाकड़ ने बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने सिंगोली थाने में आवेदन दिया है। उनका कहना है कि पूर्व में प्रशासन द्वारा डॉ. राठौर का हॉस्पिटल सील कर दिया गया था, जिसके बाद अब वह दंपति झूठे आरोप लगाकर उन्हें धमका रहे हैं।
अशोक धाकड़ ने कहा कि पुलिस द्वारा उनके आवेदन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है और डॉ. बलवीर सिंह राठौर व उनकी पत्नी गुड्डी बाई राठौर लगातार धमकियाँ दे रहे हैं।
पीड़ित ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहन जांच कर बिना डिग्री इलाज करने वाले डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएँ दोबारा न हों।

Related Post