न्यूज डेस्क
11 November, 2025
अन्य
नीमच। ग्राम रातड़िया के शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में लंबे समय से भरे पानी का गड्ढा अब बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामवासियों और शाला प्रबंधन समिति ने मंगलवार को कलेक्टर नीमच को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में कक्षा पहली से आठवीं तक सैकड़ों बच्चे अध्ययनरत हैं, साथ ही इसी परिसर में आंगनवाड़ी केंद्र भी संचालित है। स्कूल भवन के पास बना बड़ा गड्ढा बरसात के समय पानी से भर गया था और अब तक सूखा नहीं है। इस कारण बच्चों के उसमें गिरने की संभावना बनी रहती है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मुद्दे को पहले भी जनसुनवाई, तहसीलदार, एसडीएम और पंचायत स्तर पर उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवॉल न होने से आवारा पशु और जहरीले जीव-जंतु भी स्कूल में प्रवेश कर जाते हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा और बढ़ गया है।
ग्रामवासियों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि शीघ्र ही गड्ढे को भरवाकर बंद कराया जाए और विद्यालय में चारदीवारी का निर्माण करवाया जाए, ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष गोपाल नायक और ग्रामीण उपस्थित रहे।