ताजासमाचार

दिल्ली ब्लास्ट के बाद नीमच पुलिस अलर्ट मोड पर — रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहरभर में सर्चिंग अभियान जारी

न्यूज डेस्क 11 November, 2025 अन्य

नीमच। राजधानी दिल्ली में लाल किले के पास बीती रात चलती कार में हुए बम धमाके के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट पर हैं। इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार नीमच पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में सोमवार देर रात से ही जिलेभर में सर्चिंग ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, धर्मशालाओं, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। प्रत्येक आने-जाने वाले वाहन की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
एसपी जायसवाल ने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न हो, इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भी पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।
नीमच पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Post