ताजासमाचार

उज्जैन संभाग के अरनव शर्मा ने जीता पहला स्वर्ण पदक, नीमच में जारी 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय जूडो प्रतियोगिता में दिखा खिलाड़ियों का उत्साह

न्यूज डेस्क 08 November, 2025 अन्य

नीमच। 69वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत नीमच में चल रही राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में शुक्रवार को मुकाबलों का रोमांच रहा। निजी मैरिज गार्डन, नीमच सिटी में 7 से 11 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए बालक-बालिकाओं ने अपनी बेहतरीन फाइटिंग स्किल्स का प्रदर्शन कर खेल भावना का परिचय दिया।जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती सावित्री मालवीय एवं प्रतियोगिता फील्ड ऑफिसर भरत सिंह कुमावत ने जानकारी देते हुए बताया शनिवार को हुए मुकाबलों में उज्जैन संभाग के अरनव शर्मा ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। अरनव ने अपनी उत्कृष्ट फाइटिंग तकनीक और फुर्ती के दम पर प्रतिद्वंद्वियों को मात दी। जनजाति विकास के मयंक को रजत और नर्मदापुरम के देवकुमार तथा इंदौर के अराफत खान को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।बालक वर्ग के अन्य परिणामों में 55 कि.ग्रा. वर्ग में ग्वालियर के सौरभ ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंदौर के अवि बाथम द्वितीय स्थान पर रहे। 50 कि.ग्रा. वर्ग में ग्वालियर के भारत रजत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भोपाल के हेमेश द्वितीय और सागर के पवन तथा उज्जैन के मोहित संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। 45 कि.ग्रा. वर्ग में भोपाल के दिनेश सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उज्जैन के रमन द्वितीय, और सागर के विशेष पटेल एवं जनजाति विकास के हिमांशु कहार तृतीय स्थान पर रहे।बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 40 कि.ग्रा. वर्ग में जनजाति विकास की शिवानी कावड़े ने स्वर्ण, भोपाल की प्रियंका ने रजत, रीवा की सुहानी और ग्वालियर की अल्का ने कांस्य पदक जीता। इसी तरह 44 कि.ग्रा. वर्ग में नर्मदापुरम की नीशा प्रथम, उज्जैन की कृतिका द्वितीय तथा जनजाति विकास की वनिता और जबलपुर की खुशबू तृतीय रहीं।विजेता खिलाड़ियों को सहायक संचालक शिक्षा मनोज जैन, जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय, प्रतियोगिता फील्ड ऑफिसर भरत सिंह कुमावत, एवं अन्य शिक्षकों व प्राचार्यों की उपस्थिति में पदक पहनाकर सम्मानित किया गया।

Related Post