ताजासमाचार

लुप्त होती नांदना कला को नया जीवन देने की पहल, तारापुर में पारंपरिक प्रिंटिंग यूनिट पर अधिकारियों का दौरा

न्यूज डेस्क 04 November, 2025 अन्य

नीमच/ तारापुर। बदलते समय की तेज़ रफ़्तार में खोती जा रही पारंपरिक नांदना प्रिंट कला को फिर से जीवित करने की दिशा में प्रयास शुरू हो गए हैं। इसी क्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक बकुल लाड़ ने रविवार को तारापुर स्थित राष्ट्रीय सम्मानित शिल्पी पवन कुमार झरिया की नांदना प्रिंट यूनिट का अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक वीरेंद्र ठाकुर, विकासखंड समन्वयक अर्चना भट्ट तथा नवांकुर संगठन से संजय नामदेव भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नांदना प्रिंट की पारंपरिक प्रक्रिया को करीब से देखा और कलाकारों से इस प्राचीन तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी ली।


अठारह चरणों से गुजरता है एक कपड़ा

शिल्पी पवन कुमार झरिया के अनुसार नांदना प्रिंट तैयार करने में 18 चरणों की लंबी प्रक्रिया होती है, जिसमें एक कपड़े को तैयार होने में 30 से 40 दिन का समय लगता है। पूरी प्रक्रिया में केवल प्राकृतिक रंगों का प्रयोग किया जाता है।
यह कला मूलतः आदिवासी महिलाओं के पारंपरिक गागरे तैयार करने के लिए उपयोग में लाई जाती थी, लेकिन समय के साथ इसके जानकार शिल्पी और मांग दोनों ही कम होते चले गए।

पाँचवी पीढ़ी संभाल रही है परंपरा

नांदना प्रिंट के वरिष्ठ शिल्पी बनवारी झरिया ने बताया कि उनका परिवार इस कला को पांच पीढ़ियों से जीवित रखे हुए है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है इस परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने की, ताकि यह अनमोल सांस्कृतिक धरोहर फिर से अपने पुराने स्वरूप में लौट सके।


पाँच पारंपरिक डिज़ाइन, सैकड़ों साल पुरानी पहचान

नांदना प्रिंट की पहचान इसकी पाँच पारंपरिक डिज़ाइनों से होती है—
‘झालम बूटा’, ‘चंपाकली’, ‘मिर्ची बूटी’, ‘आँबा बूटा’ और ‘ढोला-मारू’।

कभी यह डिज़ाइन अलीराजपुर, जोबट, कुक्षी, नानपुर, खट्टाली, दाहोद, कवाट, डूंगरपुर, बासवाड़ा, मालेगांव और जलगांव जैसे इलाकों के हाट-बाज़ारों में खूब बिकती थीं।


सरकार और समाज दोनों की ज़िम्मेदारी

अधिकारियों ने शिल्पियों को भरोसा दिलाया कि सरकार पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और बाज़ार विस्तार की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
नांदना प्रिंट जैसी कलाओं का संरक्षण न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम है, बल्कि यह संस्कृति और पहचान के संरक्षण की पहल भी है।

Related Post