ताजासमाचार

दहेज की मांग न पूरी हुई तो बेटी की कर दी हत्या ! पिता ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

न्यूज डेस्क 04 November, 2025 अन्य

नीमच। जिले के ग्राम जुना भदाना निवासी गोपाल पिता केशुराम ने अपनी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी पुत्री की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व कुकड़ेश्वर निवासी वीरेंद्र गोगलिया से हुई थी और छह माह पूर्व गोना संपन्न हुआ था। गोना के समय सोने-चांदी के जेवर और पर्याप्त दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार सोने की कंठी और अधिक पैसों की मांग करता रहा।
पिता के अनुसार, बेटी को सास, ससुर, पति और तीनों ननदों द्वारा आए दिन मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी। 30 अक्टूबर की रात बेटी ने फोन कर बताया कि फिर से दहेज को लेकर झगड़ा हुआ है और उसकी पिटाई की जा रही है। कुछ ही घंटों बाद सुबह सूचना मिली कि बेटी की मौत हो गई।
परिवार जब मौके पर पहुंचा तो शव पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई। गोपाल ने पति वीरेंद्र, सास मेला बाई, ससुर हरलाल, और तीनों ननदों पूजा, ज्योति व रानू पर हत्या का आरोप लगाया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने और पोस्टमार्टम के बाद भी पुलिस ने अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया। उल्टा आरोपियों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
मंगलवार को परिजनों और समाजजनों ने कलेक्टर नीमच को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन करेगा।

Related Post