ताजासमाचार

भदाना की बुजुर्ग महिला ने कलेक्टर जनसुनवाई में लगाई न्याय की गुहार — पुश्तैनी जमीन पर कब्जे और फर्जी दस्तावेजों का लगाया आरोप

न्यूज डेस्क 04 November, 2025 अन्य

नीमच। रामपुरा तहसील के ग्राम भदाना की बुजुर्ग महिला सलीम बेगम पति स्वर्गीय अब्दुल गफूर ने कलेक्टर जनसुनवाई में अधिकारियों के सामने अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जे, धमकी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों से चली आ रही कृषि भूमि के सर्वे नंबर 613, 614, 717, 615, 7/8 और 6/6 अब तक संयुक्त नाम से दर्ज हैं और कभी भी वैध बंटवारा नहीं हुआ। इसके बावजूद कुछ प्रभावशाली लोगों ने पटवारी और तहसीलदार की मिलीभगत से फर्जी बंटवारा दिखाकर जमीन दूसरों को बेच दी।

सलीम बेगम, जो कैंसर से पीड़ित हैं, ने बताया कि जब वे अपने खेत पर पहुंचीं, तो वहां राजा बंजारा नामक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया था और धमकी दी कि अगर वे या उनकी बेटियां खेत पर आईं तो उनके हाथ-पैर तोड़ देगा। उन्होंने राजा बंजारा, अजीज अहमद और जमील अहमद पर साजिश कर जमीन हड़पने का आरोप लगाया।

महिला ने बताया कि उनके दोनों भाई भी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ चुके हैं और घर व बाड़ी दूसरों को बेच चुके हैं। अब वे शेष जमीन बेचने की फिराक में हैं, जबकि बीमार मां की देखभाल की जिम्मेदारी अकेले सलीम बेगम निभा रही हैं।

जनसुनवाई में उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी रिश्वत लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहे हैं और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से दोषी पटवारी, तहसीलदार और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सलीम बेगम ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आरोपी उन्हें और उनकी मां को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और अपनी पुश्तैनी भूमि पर न्यायपूर्ण अधिकार वापस दिलाने की अपील की है।

Related Post