ताजासमाचार

परीक्षा देने जा रहा छात्र मंदिर दर्शन को रुका, अवैध गुमटी संचालक समीर पठान ने मारपीट कर वीडियो बनाया, प्रकरण दर्ज

डेस्क न्यूज़ 01 November, 2025 अपराध

नीमच। रामावतार कॉलोनी निवासी उज्ज्वल साल्वी ने नीमच कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ज्ञानोदय कॉलेज में अध्ययनरत है। 

2 अप्रैल 2025 को दोपहर करीब 2:20 बजे वह कॉलेज जाते समय किलेश्वर महादेव मंदिर दर्शन हेतु रुका था। 

उसी दौरान वहां एक लड़की आई जिसे वह नहीं जानता। तभी मंदिर गेट के पास आरोपी समीर पिता शाहरुख पठान अपने एक साथी के साथ आया और उज्ज्वल पर झूठे आरोप लगाते हुए गाली-गलौज कर मारपीट करने लगा।

जब उज्ज्वल ने गाली देने से मना किया तो समीर ने उस पर हमला कर दिया, थप्पड़ मारे, बाल खींचे और धमकी दी कि “तेरी जान ले लूंगा।” 

घटना का वीडियो भी आरोपी ने बनाया, जिसमें फरियादी को थप्पड़ मारने और बाल खींचने की हरकत साफ दिखाई देती है।

घटना से भयभीत होकर उज्ज्वल ने अपने जीजा को जानकारी दी और  बाद में जीजा गिरिराज साल्वी व अन्य परिजनों को वीडियो दिखाने के बाद 1 नवंबर को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने उज्ज्वल साल्वी की रिपोर्ट पर आरोपी समीर पिता शाहरुख पठान व उसके साथी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं 3(1)(द), 3(1)(घ), 3(2)(वा) तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 115(2), 296(ख), 351(3), 303(5) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना नीमच कैंट पुलिस मामले की विवेचना में जुटी हुई है।

परिजनों  द्वारा बताया जा रहा है की समीर पठान ने  किलेश्वर रोड़ पर अवैध गुमटी रख रखी है। और वहां नशाखोरी और संदिग्ध गतिविधियां होती रहती है।

Related Post