डेस्क न्यूज़
31 October, 2025
अन्य
नीमच। नगर पालिका परिषद का विशेष सम्मेलन आज शुक्रवार को हंगामे और नारों से गूंज उठा। शुरुआत औपचारिक रही, लेकिन जल्द ही मोदी-मोदी और छूट नहीं ये लूट है, वोट चोर गद्दी छोड के नारों से माहौल गर्मा गया। भाजपा पार्षद केंद्र के समर्थन में तो कांग्रेस पार्षद विरोध में नारे लगा रहे थे।
माइक छिना तो निजी स्पीकर लेकर पहुंचे योगेश प्रजापति
सबसे बड़ा ड्रामा तब हुआ जब कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति को बोलने के लिए माइक नहीं दिया गया। सीएमओ दुर्गा बामनिया से उनकी बहस हुई और माइक रखवा दिया गया। इसके बाद प्रजापति अपना निजी माइक और स्पीकर लेकर परिषद हाल पहुंचे और उसी पर बोलना शुरू किया।यह दृश्य देखकर परिषद हाल में हंगामा मच गया, दोनों दलों के पार्षद आमने-सामने आ गए।
अध्यक्ष की अपील भी बेअसर रही
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा बार-बार अपील करती रहीं हम जनप्रतिनिधि हैं, सभ्य लोग हैं, कृपया परिषद की गरिमा बनाए रखें। लेकिन किसी ने नहीं सुना। अंततः उन्हें बैठक कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी।
चार प्रस्तावों पर बहस और पास
- नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म्स” समर्थन प्रस्ताव– कांग्रेस ने विरोध किया, भाजपा बहुमत से पास।
- आत्मनिर्भर भारत में स्वदेशी की भूमिका– बहस के बाद भी भाजपा बहुमत से पारित।
- स्मार्ट पोल एवं स्ट्रीट लाइट कार्य– सर्वसम्मति से पास।
- कंसल्टेंसी स्वीकृति प्रस्ताव– आपत्तियों के बावजूद 14 पार्षदों के समर्थन से पारित।
नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति बोले — अध्यक्ष और सीएमओ मनमानी करती हैं, हमारी आवाज दबाई जा रही है।
वहीं भाजपा पार्षदों का कहना — कांग्रेस विकास विरोध की राजनीति कर रही है।
नतीजा — प्रस्ताव पास, लेकिन गरिमा पर सवाल
हंगामे के बावजूद परिषद ने चारों प्रस्ताव बहुमत से पारित किए।लेकिन यह सत्र एक बार फिर दिखा गया कि नीमच नगर पालिका के सम्मेलन अब नीतिगत चर्चा से ज्यादा राजनीतिक टकराव का मंच बन गए हैं।