ताजासमाचार

महिला कांग्रेस की जिला प्रभारी राखी सत्रावाला पहुँची नीमच, अध्यक्ष पद के दावेदारों से की वन-टू-वन चर्चा

डेस्क न्यूज़ 30 October, 2025 राजनीति

नीमच। महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के निर्देश एवं प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में चल रहे “कांग्रेस संगठन सृजन अभियान” के तहत महिला कांग्रेस की नव नियुक्त जिला प्रभारी राखी सत्रावाला गुरुवार,30 अक्टूबर 2025 को शाम 6 बजे नीमच पहुँचीं। उन्होंने जिला कांग्रेस कार्यालय में महिला कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की, जिसमें जिले की सक्रिय महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जिला अध्यक्ष पद की दावेदार महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की गई।इस अवसर पर श्रीमती सत्रावाला ने महिला कांग्रेस की संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से बात करते हुए कहा कि संगठन सृजन अभियान का मुख्य उद्देश्य सक्रिय और समर्पित महिला कार्यकर्ताओं को आगे लाना है। उन्होंने बताया कि संगठन निर्माण की यह प्रक्रिया पूर्ण रूप से पारदर्शी है, जिसमें प्रत्येक दावेदार से वन-टू-वन संवाद के माध्यम से उनकी कार्यशैली, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को समझा जा रहा है।बैठक में महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष पद हेतु दावेदारी प्रस्तुत करने वाली महिलाओं से आवेदन प्राप्त किए गए। साथ ही श्रीमती सत्रावाला ने बताया कि जो महिलाएँ संगठन में निरंतर सक्रिय हैं और समाज में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती से प्रसारित कर रही हैं,उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि महिला कांग्रेस अब हर बूथ और वार्ड स्तर तक अपनी पहुँच बढ़ाएगी ताकि हर वर्ग की महिलाओं की आवाज़ कांग्रेस के मंच से सशक्त रूप से उठाई जा सके।
बैठक के दौरान जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, ब्रजेश मित्तल, राकेश अहीर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।सभी नेताओं ने महिला कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। राखी सत्रावाला ने कहा कि महिला कांग्रेस का लक्ष्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक महिलाओं को कांग्रेस परिवार से जोड़े और आगामी समय में संगठन को सशक्त बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।

Related Post