डेस्क न्यूज़
30 October, 2025
अन्य
नीमच | आगामी दिनों में होने वाली पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर नीमच प्रशासन सतर्क हो गया है। बुधवार को अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश ने सुवाखेड़ा में स्थापित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर कलेश ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा प्रत्येक केंद्र पर सुव्यवस्थित एवं सुचारु परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर पराग जैन, तहसीलदार जावद नवीन गर्ग सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।