ताजासमाचार

आधी रात को एक्शन में नीमच पुलिस! जिलेभर में कॉम्बिंग गश्त से अपराधियों की उड़ी नींद — 121 वारंट तामील, 62 लीटर अवैध शराब जब्त, फरार आरोपी गिरफ्तार समेत कई बड़ी कार्रवाइयाँ

डेस्क न्यूज़ 29 October, 2025 अन्य

नीमच | पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में दिनांक 28-29 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात जिला नीमच में व्यापक कॉम्बिंग गश्त का आयोजन किया गया। जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल ने इस अभियान में भाग लिया।
कॉम्बिंग गश्त का उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी, निगरानी/गुंडा बदमाशों की जांच, होटल-लॉज-ढाबों की चेकिंग तथा लघु अधिनियमों के तहत प्रभावी कार्यवाही करना रहा।

प्रमुख उपलब्धियां :

संयुक्त चेकिंग:- जिलेभर में 10 स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग की गई। इस दौरान 250 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 30 वाहनों के चालान बनाते हुए ₹4000 समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।

वारंट तामीली:- अभियान के दौरान कुल 121 वारंट तामील किए गए, जिनमें 30 स्थायी वारंट 91 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। इनमें मादक पदार्थ तस्करी – 02, शरीर संबंधी अपराध – 54, तथा संपत्ति संबंधी अपराध – 36 वारंट शामिल रहे।

निगरानी बदमाशों की जांच:- पुलिस ने 99 निगरानीशुदा गुंडों एवं बदमाशों की रात्रि में जांच की।

होटल-लॉज-ढाबा चेकिंग:- 64 स्थानों पर चेकिंग की गई ताकि किसी भी अवैध गतिविधि पर अंकुश लगाया जा सके।

आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही:- कुल 14 प्रकरण दर्ज करते हुए 62 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

प्रतिबंधात्मक कार्यवाही:- 29 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई।

फरार आरोपी गिरफ्तार:- गंभीर अपराधों एवं धारा 193(9) बीएनएसएस / 173(8) द.प्र.सं. में फरार 01 आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

महिला अपराधों से संबंधित कार्रवाई:- 4 आदतन अपराधियों की जांच कर उनकी गतिविधियों एवं चाल-चलन की जानकारी एकत्र की गई।

निरंतर अभियान:- वर्ष 2025 में अब तक 10 कॉम्बिंग गश्त आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें कुल 1215 वारंट तामील किए जा चुके हैं।  नीमच पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था को बनाए रखने एवं अपराधियों पर नकेल कसने के लिए इस प्रकार की कार्यवाहियाँ भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगी।

Related Post