ताजासमाचार

लोन के नाम पर खुलवाया फर्जी बैंक खाता, हुए कई ट्रांजेक्शन, पीड़ित ने एसपी से की शिकायत

डेस्क न्यूज़ 28 October, 2025 अन्य

नीमच। नीमच में लोन दिलाने के नाम पर फर्जी बैंक खाता खोलने और अवैध लेन-देन करने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति ने एसपी कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में लिखित शिकायत दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित वहीद हुसैन नूरानी पिता मोहम्मद शाहिद, निवासी कदवाईगंज वार्ड-16, नीमच, ने बताया कि लगभग पांच माह पहले उनसे शादाब पिता मोहम्मद हुसैन अब्बासी, निवासी महावीर नगर, नीमच, मिला था। उसने खुद को लोन दिलाने का एजेंट बताया और कहा कि वह आसानी से बैंक से लोन पास करवा देगा।

आधार–पैन लेकर खुलवाया खाता

वहीद के अनुसार, शादाब ने लोन प्रक्रिया के बहाने उसका आधार कार्ड और पैन कार्ड ले लिया। अगले दिन उसने एक बैंक कर्मचारी को बाजार में बुलवाया, जहां उसका साथी सोयब भी मौजूद था। वहां आईडीबीआई बैंक शाखा नीमच में वहीद के नाम से खाता खोल दिया गया।

ईमेल आईडी से चला खाता, हुए संदिग्ध ट्रांजेक्शन

वहीद का कहना है कि 16 जून 2025 को शादाब ने अपनी ईमेल आईडी से उसके नाम पर खाता सक्रिय किया। लोन पास नहीं हुआ, लेकिन शादाब लगातार भरोसा दिलाता रहा कि “जल्द पैसा मिल जाएगा”। बाद में, जब 24 अक्टूबर को वहीद ने खाते की जानकारी ली, तो सामने आया कि उसके नाम से खुले खाते में अवैध ट्रांजेक्शन हुए हैं।

एसपी से न्याय की गुहार

वहीद ने पूरा मामला लेकर एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि शादाब और उसके सहयोगियों ने लोन दिलाने के नाम पर पहचान का दुरुपयोग किया और उसके खाते का अवैध इस्तेमाल किया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिकायत प्राप्त कर ली गई है और साइबर सेल को मामले की जांच सौंपी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा।

Related Post