डेस्क न्यूज़
27 October, 2025
अपराध
मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरील, SDOP विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में भानपुरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता। अमानत में खयानत और धोखाधड़ी के मास्टरमाइंड आरोपी रोहित मीणा (27 वर्ष) निवासी कुकडेश्वरा जिला मंदसौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से 21 चारपहिया वाहन जिनमें 10 ट्रैक्टर, 3 ट्रॉली, 3 पिकअप, 1 अल्टो, 2 बोलेरो, 1 स्कॉर्पियो और 1 पानी का टैंकर शामिल हैं, कुल कीमत 1 करोड़ रुपये से अधिक बरामद किए गए हैं। साथ ही कई दस्तावेज और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
सोशल मीडिया के माध्यम से देता था झांसा
रोहित मीणा ने इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप पर विज्ञापन डालकर ग्रामीणों को झांसा दिया कि उनके वाहन— ट्रैक्टर, ट्रॉली, पिकअप या टैंकर— 8 लाइन और पवन चक्की पर किराए पर लगेंगे और हर महीने मोटी कमाई होगी।
लोगों का भरोसा जीतने के बाद वह वाहन लेकर गायब हो जाता था। कुछ वाहनों को सस्ते दामों में बेच देता, तो कुछ गिरवी रखकर पैसा हड़प लेता । लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की विशेष टीम सक्रिय थी।
टीम की मेहनत लाई रंग
थाना प्रभारी निरीक्षक आर.सी. दांगी के नेतृत्व में गठित टीम
उनि जोरसिंह डामोर, सउनि सुर्यपाल मैड़ा, आर. तरुण देवड़ा, आर. नेमाराम जाट, आर. बनवारी राठौर, आर. धनराज गुर्जर, चालक लक्ष्मणसिंह पंवार ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस रिमांड पर जारी पूछताछ
आरोपी से न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर गहन पूछताछ की जा रही है। संभावना जताई जा रही है कि ठगी का यह नेटवर्क कई जिलों तक फैला हुआ है ।